AUS vs ZIM Highlights: जिम्बाब्वे का बड़ा धमाका, ऑस्ट्रेलिया 23 रन से हारा
T20 World Cup 2026 में जिम्बाब्वे ने बड़ा उलटफेर करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 23 रनों से हरा दिया।
ग्रुप B के इस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने शानदार खेल दिखाया और मजबूत मानी जा रही ऑस्ट्रेलियाई टीम को चौंका दिया।
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान ट्रेविस हेड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए संतुलित प्रदर्शन किया और 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 169 रन बनाए।
टीम को बेहतरीन शुरुआत मिली और बल्लेबाजों ने जिम्मेदारी से खेला। जिंबॉब्वे की ओर से ब्रायन बेनेट ने शानदार 64 रनों की पारी खेली और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने सिर्फ 29 रन पर चार विकेट गंवा दिए, जिससे दबाव बढ़ गया।
इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज संभल नहीं सके। मैट रेनशॉ ने 65 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त साथ नहीं मिला। ग्लेन मैक्सवेल ने 31 और ट्रेविस हेड ने 17 रन बनाए।
जोश इंग्लिस समेत सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए। कैमरून ग्रीन और टिम डेविड तो बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 19.3 ओवर में 146 रन पर सिमट गई।
जिम्बाब्वे की गेंदबाजी शानदार रही। ब्लेसिंग मुजरबानी ने चार विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया, जबकि ब्रैड इवांस ने तीन विकेट झटके। वेलिंगटन मसाकाद्जा और रयान बर्ल को भी एक-एक सफलता मिली।
इस जीत के साथ जिम्बाब्वे ने टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी और ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका दिया।




Views Today : 559
Views Yesterday : 936
Views Last 7 days : 6878